उत्तराखण्ड
दीपावली महोत्सव में मुख्यमंत्री का ऐलान, पत्रकारों की पेंशन और मान्यता दोनों में होगा इजाफा।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दीपावली महोत्सव में प्रतिभाग कर पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि प्रदेश में तहसील, जिला और राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही पत्रकार पेंशन की राशि में भी वृद्धि की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ ही समाज और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार आमजन तक सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी पहुंचाने के साथ ही जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को शासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की सक्रिय और रचनात्मक भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक सरकार एवं प्रशासन को योजनाओं के जमीनी प्रभाव का आकलन करने में मदद करते हैं। इससे शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने में सहायता मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के विस्तार से पत्रकारिता के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा हुई हैं, लेकिन फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाएं बड़ी चुनौती भी हैं। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी जनता तक पहुंचाना पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और कल्याण के प्रति संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं। सरकार ने पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि भी पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की है। वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। पत्रकारों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए सरकार आगे भी सकारात्मक कदम उठाती रहेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।



