उत्तराखण्ड
बारिश से राज्य में जनजीवन प्रभावित, सिरोहबगड़ में हाईवे बंद; फूलों की घाटी में पर्यटकों की आवाजाही रोकी।


देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते रविवार को जनजीवन और यातायात प्रभावित रहा। रुद्रप्रयाग जिले में सिरोहबगड़ के पास भूस्खलन के कारण ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे दिनभर रुक-रुककर बंद होता रहा। वहीं मौसम खराब होने के कारण फूलों की घाटी को पर्यटकों के लिए बंद रखा गया। देहरादून एयरपोर्ट पर भी खराब मौसम का असर देखने को मिला और दो उड़ानों को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कई उड़ानें देरी से पहुंचीं।
सिरोहबगड़ में भूस्खलन से हाईवे प्रभावित
बारिश के कारण सिरोहबगड़ में रविवार को दिनभर पहाड़ी से मलबा गिरता रहा। इसके चलते ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर यातायात बार-बार बाधित हुआ। एनएच लोनिवि की जेसीबी ने दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मलबा हटाकर कुछ समय के लिए आवाजाही शुरू कराई, लेकिन दोपहर एक बजे के बाद दोबारा मलबा आने से हाईवे बंद हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि लगातार मलबा गिरने के कारण आवाजाही प्रभावित रही। मार्ग खोलने के लिए पर्याप्त संख्या में जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं और मलबा हटाने का काम जारी है।
फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए बंद
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बारिश, आकाशीय बिजली और बर्फबारी का अलर्ट जारी किए जाने के बाद रविवार को फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए बंद रही। करीब 100 पर्यटक घांघरिया में घाटी खुलने का इंतजार करते रहे।
फूलों की घाटी पार्क के रेंज अधिकारी आशीष जिरवाण ने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए रविवार को पर्यटकों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। मौसम सामान्य होने के बाद घाटी को पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
दो उड़ानें दिल्ली डायवर्ट, कई उड़ानें विलंबित
लगातार दूसरे दिन खराब मौसम का असर देहरादून एयरपोर्ट के हवाई यातायात पर भी पड़ा। मुंबई और कोलकाता से देहरादून आने वाली इंडिगो की दो उड़ानों को खराब मौसम के कारण दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। दोनों उड़ानें आसमान में कई चक्कर लगाने के बाद दिल्ली भेजी गईं।
इसके अलावा कई उड़ानें निर्धारित समय से देरी से देहरादून पहुंचीं। इंडिगो की जयपुर उड़ान 11:25 बजे के बजाय 11:52 बजे, एयर इंडिया एक्सप्रेस की बंगलूरू उड़ान 12:20 बजे के बजाय करीब एक बजे और इंडिगो की हैदराबाद उड़ान 12:50 बजे के बजाय 1:13 बजे पहुंची। एयर इंडिया की दिल्ली उड़ान एक बजे के बजाय 1:20 बजे और इंडिगो की दिल्ली उड़ान 1:35 बजे के बजाय 3:16 बजे एयरपोर्ट पहुंची। एयर इंडिया की मुंबई उड़ान भी निर्धारित समय 2:20 बजे के बजाय 2:43 बजे पहुंची। शाम की अन्य उड़ानें भी मौसम के कारण विलंबित रहीं।




