उत्तराखण्ड
महिला संवाद में गूंजा सशक्तिकरण का संदेश, गीतों के जरिए जताया सरकार का आभार।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सेवक सदन में शनिवार को आयोजित मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह में महिला सशक्तिकरण की योजनाओं की गूंज गीतों के माध्यम से सुनाई दी। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने स्वत:स्फूर्त तरीके से केंद्र और राज्य सरकार की महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण योजनाओं पर आधारित गीत प्रस्तुत किए।
संवाद के दौरान उस समय भावपूर्ण माहौल बन गया, जब एक महिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक अपनी बात पहुंचाने की इच्छा जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने गीत प्रस्तुत किया। ‘हमें तो मोदी ने बहुत कुछ दिया है, बहुत शुक्रिया है’ गीत के माध्यम से उन्होंने महिलाओं को बिना ब्याज ऋण, लखपति दीदी योजना, स्वयं सहायता समूहों के गठन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया।
महिला ने गीत के माध्यम से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं ने महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है। गीत के शब्दों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति उनका आभार और आत्मीयता व्यक्त हुई।
महिलाओं ने गीत के जरिए उस बदलाव को भी स्वर दिया, जिसमें महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की यात्रा में सक्रिय भागीदार के तौर पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।




