उत्तराखण्ड
फायर एनओसी के नाम पर रिश्वत लेते अग्निशमन अधिकारी गिरफ्तार।

संवादसूत्र देहरादून: पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित एक होटल की फायर एनओसी जारी करने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने वाले अग्निशमन अधिकारी को सतर्कता विभाग की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपने लैंसडाउन स्थित होटल की फायर एनओसी के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस संबंध में फायर स्टेशन कोटद्वार के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी ने एनओसी जारी करने के एवज में उससे 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में प्रकरण ट्रैप के योग्य पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद 4 नवंबर 2026 को सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए भूपेश त्यागी (लीडिंग फायरमैन), प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



