Connect with us

युवाओं के हाथों में हुनर और किताब हो, नशा नहीं : धामी।

उत्तराखण्ड

युवाओं के हाथों में हुनर और किताब हो, नशा नहीं : धामी।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित “युवा संकल्प दिवस” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। अपने जन्मदिवस को युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाए जाने पर युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने जन्मदिवस पर युवा शक्ति के बीच उपस्थित होना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उन्हें निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उनकी आंखों में उन्हें भविष्य का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड दिखाई देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। जब देश स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तब आज की युवा पीढ़ी विभिन्न क्षेत्रों में देश और प्रदेश के विकास का नेतृत्व कर रही होगी। विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा मेहनती, प्रतिभाशाली और अनुशासित है। युवाओं को सही दिशा, बेहतर अवसर और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। शिक्षा से कौशल, रोजगार से स्वरोजगार और स्टार्टअप से खेल तक प्रत्येक क्षेत्र में युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए मजबूरी में घर, गांव और प्रदेश न छोड़ना पड़े। युवा रोजगार तलाशने वाले ही नहीं, बल्कि उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाले भी बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल तकनीक रोजगार एवं उद्योग के स्वरूप को तेजी से बदल रहे हैं। राज्य सरकार युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक कौशल से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रही है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विकास और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं से संबंधित नीतियों में उनकी आवाज और भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार के साथ युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने तथा नशे, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने में भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खेलों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड की पहचान खेलभूमि के रूप में भी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। किसी भी युवा की वर्षों की मेहनत, उसके सपनों और अधिकार के साथ अन्याय न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए समर्पण के साथ मेहनत करने का आह्वान किया। स्वामी विवेकानंद के संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से मेहनत को आदत, अनुशासन को पहचान और सीखने की इच्छा को जीवन का हिस्सा बनाने को कहा। साथ ही तकनीक और मोबाइल का सकारात्मक उपयोग करने तथा सोशल मीडिया पर मिलने वाली आधी-अधूरी और भ्रामक सूचनाओं को तथ्यों की कसौटी पर परखने की अपील की।

नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा शरीर के साथ-साथ व्यक्ति के सपनों और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे बचाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस पर युवाओं से “तीन संकल्पों का गुलदस्ता” मांगा। पहला संकल्प जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत करने, दूसरा स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे दूर रखने तथा तीसरा जीवन में सफलता हासिल करने के बाद अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का कुछ अंश उत्तराखंड के विकास के लिए समर्पित करने का था। उन्होंने कहा कि युवा डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, शिक्षक, उद्यमी या जनसेवक बनें, लेकिन सबसे पहले अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]