उत्तराखण्ड
भारत-नेपाल सीमा प्रबंधन पर 14वीं संयुक्त कार्य समूह की बैठक शुरू।

संवादसूत्र देहरादून: भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन को लेकर 14वीं संयुक्त कार्य समूह (JWG) की दो दिवसीय बैठक आज देहरादून में शुरू हो गई। 20 और 21 अगस्त तक चलने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में दोनों देशों के बीच सीमा सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन मंथन किया जा रहा है।
बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पौसुमी बसु कर रही हैं, जबकि नेपाली प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई नेपाल के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद काफ्ले कर रहे हैं।
बैठक में दोनों देशों के प्रतिनिधि सीमा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आपसी समन्वय बढ़ाने से जुड़े विषयों पर चर्चा कर रहे हैं। साथ ही सीमा क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विकास और दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।




