उत्तराखण्ड
दावे-आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी करेंगे 9 प्रशासनिक अधिकारी।

संवादसूत्र देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी के लिए नौ आईएएस/पीसीएस अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में यह नियुक्ति की है।
आदेश के अनुसार हरिद्वार में डॉ. संदीप तिवारी, ललित नारायण मिश्र, नन्द कुमार और गोपाल राम बिनवाल को जिम्मेदारी दी गई है। नैनीताल में संजय कुमार और विनीत तोमर तथा ऊधमसिंह नगर में प्रकाश चन्द्र दुम्का, जय किशन और दिवेश शाशनी पर्यवेक्षण अधिकारी होंगे।
नामित अधिकारी संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इसमें नोटिस वितरण, तामीली और सुनवाई के साथ-साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुपालन की भी समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्यवेक्षण अधिकारियों को अपने दैनिक निरीक्षण की आख्या संबंधित मंडलायुक्त के माध्यम से सप्ताह में दो बार मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। इसके लिए Manual on Electoral Roll-2023 के अध्याय-11 में निर्धारित पुनरीक्षण प्रक्रिया और रिपोर्टिंग प्रारूप का पालन किया जाएगा।
आदेश में कहा गया है कि निर्धारित पुनरीक्षण अवधि तक नामित अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के नियंत्रण, पर्यवेक्षण और अनुशासन के अधीन रहेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।




