उत्तराखण्ड
4 से 18 जुलाई तक चलेगा 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’, प्रदेशभर में लगेंगे बहुद्देशीय शिविर।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” की भावना के तहत 4 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में 15 दिवसीय “सेवा पखवाड़ा” आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित किया जाएगा।
सेवा पखवाड़े के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे तथा पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सेवा पखवाड़े के सभी कार्यक्रम समयबद्ध, प्रभावी और जनसहभागिता के साथ आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि अभियान के प्रथम चरण में जिन स्थानों पर बहुद्देशीय शिविर आयोजित हो चुके हैं, वहां दोबारा शिविर न लगाए जाएं।
सरकार के अनुसार सेवा पखवाड़े का उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।




