उत्तराखण्ड
उत्तराखंड की फिल्म नीति से प्रभावित हुए अभिनेता अमन वर्मा, जल्द शूटिंग की जताई इच्छा।

संवादसूत्र देहरादून: बॉलीवुड अभिनेता अमन वर्मा ने देहरादून स्थित उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के कार्यालय में परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से मुलाकात कर राज्य की नई फिल्म नीति की जानकारी ली। इस दौरान उनका जागेश्वर मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
अमन वर्मा ने उत्तराखंड की फिल्म नीति और यहां की प्राकृतिक शूटिंग लोकेशनों की सराहना करते हुए कहा कि वह जल्द ही राज्य में फिल्म शूटिंग की योजना पर विचार करेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि 26 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे देहरादून के हिमालयन कल्चरल सेंटर, नींबूवाला में उनके नाटक ‘किस्मत पैलेस’ का मंचन होगा।
नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में लागू फिल्म नीति के तहत हिंदी, क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों, वेब सीरीज और विदेशी फिल्मों को भी 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। शूटिंग की अनुमति सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए सात दिनों के भीतर ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि शूटिंग शुल्क माफ कर जीएमवीएन और केएमवीएन गेस्ट हाउसों में विशेष छूट भी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में हर वर्ष 200 से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल की शूटिंग होती है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं के लिए प्रमुख फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित करना है।




