उत्तराखण्ड
भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री ने सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से दूरभाष पर प्रदेश की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी आपदा प्रबंधन और राहत एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहते हुए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (एनडीआरएफ), जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रहें और हर घटना पर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट तथा अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
उन्होंने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा यात्रा से पहले मौसम और मार्ग की ताजा जानकारी लेने की अपील की। साथ ही अफवाहों से दूर रहने और केवल प्रशासन व अधिकृत सरकारी माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया।




