उत्तराखण्ड
केदारनाथ से कन्याकुमारी तक घुसपैठियों को बाहर करेंगे: अमित शाह।


संवादसूत्र देहरादून/हरिद्वार: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित ‘जन जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार देश में अवैध घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और केदारनाथ से कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठिये को देश से बाहर किया जाएगा।
सभा में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समस्याओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुन-चुन कर हल कर रहे हैं, जिसके कारण राज्य तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
तीन साल में मिलेगा न्याय
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंग्रेजों के दौर के करीब 150 साल पुराने कानूनों को बदलकर नई न्याय प्रणाली लागू की गई है। भारतीय न्याय संहिता सहित नए कानूनों के पूर्ण रूप से लागू होने के बाद 2028 तक ऐसी व्यवस्था बनेगी कि एफआईआर से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक किसी भी मामले का फैसला अधिकतम तीन साल में हो सकेगा।
उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत भारत की नागरिकता पाने वाले शरणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों को भारत में सम्मान और सुरक्षा का अधिकार है।
नकल विरोधी कानून से बढ़ी पारदर्शिता
अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस में नियुक्ति पाने वाले 1900 युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि राज्य में अब बिना पर्चा और बिना खर्चा सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा लागू सख्त नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार कुंभ मेला का आयोजन होगा और यह कुंभ कई रिकॉर्ड तोड़ेगा। साथ ही वाइब्रेंट विलेज योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सीमांत गांवों को “प्रथम गांव” के रूप में विकसित कर पलायन रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
उत्तराखंड को मिली ज्यादा केंद्रीय सहायता
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच उत्तराखंड को केंद्र से 54 हजार करोड़ रुपये मिले, जबकि इसके बाद राज्य को 1.87 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर, रेल और सड़क परियोजनाओं से राज्य में बुनियादी ढांचा मजबूत हो रहा है।
मुख्यमंत्री धामी बोले—देश विकास की नई गाथा लिख रहा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन की नई गाथाएं लिख रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में तेजी से वृद्धि हुई है, जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है तथा पर्यटन, निवेश और स्टार्टअप के क्षेत्र में नए अवसर पैदा हुए हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूडी, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित कई सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




