उत्तराखण्ड
बीकेटीसी में बड़ी कार्रवाई: व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल निलंबित, जांच समिति गठित।

संवादसूत्र देहरादून: श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने अनुशासन और प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
समिति द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रमोद नौटियाल के विरुद्ध पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने पर 3 जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया।
समिति के अनुसार प्राप्त स्पष्टीकरण और जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट के परीक्षण में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच समिति ने संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए यह भी माना कि उन्हें वर्तमान पद पर बनाए रखने से जांच प्रभावित होने की आशंका है।
इन्हीं तथ्यों को देखते हुए जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही उन्हें बीकेटीसी कार्यालय, जोशीमठ (जनपद चमोली) से संबद्ध किया गया है। इस दौरान सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी तथा उन्हें जांच और अनुशासनात्मक कार्यवाही में पूरा सहयोग करना होगा।
बीकेटीसी ने स्पष्ट किया है कि समिति प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




