उत्तराखण्ड
कारोबारी हत्याकांड का खुलासा: 24 घंटे में दो आरोपी मुठभेड़ के बाद दबोचे।

संवादसूत्र देहरादून: तिब्बती मार्केट में कारोबारी एवं गैस एजेंसी स्वामी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार सुबह तिब्बती मार्केट के पास गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देश पर पूरे जनपद में अलर्ट जारी करते हुए शहर से देहात तक सघन नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया गया।
लाडपुर जंगल में पहली मुठभेड़
गुरुवार तड़के रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में नाकेबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश को पैर में गोली मारकर घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसे उपचार के लिए कॉरपोरेशन चिकित्सालय भेजा गया।
लालतप्पड़ में दूसरी मुठभेड़
दूसरी मुठभेड़ लालतप्पड़ क्षेत्र में हुई। चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस के रोकने पर रुकने के बजाय वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया और खंडर फैक्ट्री परिसर में घुसकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी पैर में गोली मारकर दबोच लिया।
हत्या की वारदात कबूली
पुलिस पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




