उत्तराखण्ड
वसंत विहार में बुजुर्ग महिला से चेन लूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात।

संवादसूत्र देहरादून। वसंत विहार थाना क्षेत्र के फेज-2 में एक्टिवा सवार एक युवक ने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। महिला के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वसंत विहार फेज-2 निवासी राजरानी मित्तल 14 अगस्त की शाम करीब 4:45 बजे रोजाना की तरह घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और किसी व्यक्ति का पता पूछने के बहाने बातचीत करने लगा।
कुछ देर बातचीत करने के बाद आरोपी ने अचानक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। इस दौरान उसने महिला को धक्का भी दिया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी से फरार हो गया।
महिला के बेटे विकास मित्तल ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर वसंत विहार थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है। बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।




