उत्तराखण्ड
यूपीएससी में चयनित बेटियों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, कहा– प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा।




संवादसूत्र देहरादून/खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित शांभवी तिवारी (किच्छा), प्रिया चौहान (काशीपुर) और सौम्या गर्ब्याल (भीमताल) से अपने निजी आवास नगला तराई में संवाद कर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों ने अपने परिवार के साथ-साथ पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि तीनों की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह उनके समर्पण, अनुशासन तथा कड़ी मेहनत का परिणाम है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिविल सेवा में चयनित तीनों बेटियों को पुस्तक, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके परिजनों से भी वार्ता कर इस सफलता पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने जनपद की जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित माउंट चंद्रभागा–13 (6264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा–14 (6074 मीटर) के पर्वतारोहण अभियान में टीम लीडर के रूप में सफल नेतृत्व करने पर भी बधाई दी। इस उपलब्धि के लिए उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




