उत्तराखण्ड
नववर्ष पर मुख्य सचिव का संदेश: सचिवालय की गरिमा को राष्ट्रीय स्तर पर बनाएंगे प्रेरणास्रोत।

संवादसूत्र देहरादून, 01 जनवरी 2026: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नववर्ष के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी हैं। नववर्ष के अवसर पर सचिवालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सचिवालय परिवार सहित समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आनंदमय एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने सचिवालय परिसर में उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सचिवालय राज्य की सर्वोच्च संस्था है, जहां से प्रदेश की नीतियों का निर्धारण तथा महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं। हम सभी इस संस्था के सहभागी हैं, इसलिए इसकी गरिमा, प्रतिष्ठा और उद्देश्य को बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्य सचिव ने कहा कि नववर्ष के अवसर पर यह संकल्प लेना चाहिए कि सचिवालय की कार्यप्रणाली और उसकी गरिमा न केवल उत्तराखण्ड बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बने। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रदेश एवं प्रदेशवासियों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए Whole of Government Approach अपनाते हुए Single Entity के रूप में कार्य करना आवश्यक है, ताकि शासन और प्रशासन प्रदेशवासियों के सुख-दुख में सहभागी बन सके।
इस अवसर पर अपर सचिव श्री नवनीत पाण्डेय, सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा सचिवालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




