उत्तराखण्ड
वर्दी घोटाले में हुए डीआईजी निलंबित।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भ्रष्टाचार के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक और सख्त कार्रवाई करते हुए होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद से जुड़े घोटाले में संलिप्त पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड्स (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह प्रकरण वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से संबंधित है, जिसमें टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए थे। महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि की गई।
महानिदेशक की संस्तुति पर मुख्यमंत्री ने डिप्टी कमांडेंट को निलंबित करने और संयुक्त जांच समिति के गठन के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी सख्ती से काम कर रही है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




