उत्तराखण्ड
दून सिटी एफसी एंड अकादमी बनी देहरादून की पहली AIFF मान्यता प्राप्त फुटबॉल अकादमी।

संवादसूत्र देहरादून: दून सिटी एफसी एंड अकादमी ने देहरादून के फुटबॉल इतिहास में नया अध्याय जोड़ते हुए अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) से Academy Accreditation प्राप्त कर ली है। इसके साथ ही यह देहरादून की पहली AIFF मान्यता प्राप्त फुटबॉल क्लब एवं अकादमी बन गई है। यह उपलब्धि न केवल क्लब, बल्कि पूरे देहरादून और उत्तराखंड के फुटबॉल जगत के लिए गर्व का विषय है।
AIFF Academy Accreditation भारतीय फुटबॉल में युवा खिलाड़ियों के विकास के लिए निर्धारित उच्च मानकों की आधिकारिक मान्यता है। यह प्रमाणित करता है कि संबंधित अकादमी खिलाड़ी विकास, प्रशिक्षकों की गुणवत्ता, बुनियादी ढांचे, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था जैसे सभी आवश्यक मानकों पर खरी उतरती है। AIFF ने हाल ही में 2026-27 सत्र के लिए देशभर की मान्यता प्राप्त अकादमियों की सूची जारी की है, जिसमें दून सिटी एफसी एंड अकादमी को भी स्थान मिला है।
अकादमी के संस्थापक एवं निदेशक प्रवीण फरासी ने इस उपलब्धि को पिछले छह वर्षों की निरंतर मेहनत, समर्पण और खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों तथा सहयोगियों के विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि इस मान्यता से देहरादून के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की संरचित प्रशिक्षण व्यवस्था, बेहतर प्रतियोगिताओं में भागीदारी और भविष्य में उच्च स्तर के अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय अकादमी के कोचिंग स्टाफ, तकनीकी टीम, खिलाड़ियों, अभिभावकों, सहयोगी संस्थाओं और सभी फुटबॉल प्रेमियों को दिया, जिनके सहयोग से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो सकी।




