उत्तराखण्ड
भूमि की नाप-जोख के एवज में 30 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार।

संवादसूत्र देहरादून/हल्द्वानी/धारी। भूमि की नाप-जोख के एवज में 30 हजार रुपये रिश्वत मांगना धारी तहसील में तैनात पटवारी को भारी पड़ गया। शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने शनिवार को पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की गई है।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, धारी तहसील में तैनात पटवारी निर्मल बोरा के खिलाफ शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की ग्राम मजीदा, तहसील धारी स्थित भूमि की नाप-जोख की जानी थी। आरोप है कि नाप-जोख के एवज में पटवारी द्वारा 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की ओर से मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी ने ट्रैप टीम गठित की। टीम ने शनिवार, 26 सितंबर को कार्रवाई करते हुए पटवारी को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। आरोपित पटवारी से पूछताछ के साथ ही प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सरकारी कार्य के लिए यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर की जाए।




