Connect with us

देवीधुरा में फलों-फूलों से खेली गई ऐतिहासिक बग्वाल,गूंजे मां वाराही के जयकारे।

उत्तराखण्ड

देवीधुरा में फलों-फूलों से खेली गई ऐतिहासिक बग्वाल,गूंजे मां वाराही के जयकारे।

संवादसूत्र देहरादून: विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ वाराही धाम देवीधुरा में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को ऐतिहासिक बग्वाल मेले का भव्य आयोजन हुआ। चार खाम और सात थोक के बीच खेली गई सदियों पुरानी बग्वाल में इस बार फलों और फूलों का प्रयोग किया गया। दोपहर 1:48 बजे शुरू हुई बग्वाल 1:55 बजे समाप्त हुई। आठ मिनट तक चले इस अनूठे आयोजन के दौरान पूरा बग्वाल मैदान मां वाराही के जयकारों से गूंजता रहा।

मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हेलीकॉप्टर से देवीधुरा पहुंचे। हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान छोलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई।

मुख्यमंत्री धामी ने माँ वाराही देवी की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां वाराही की कृपा सभी पर बनी रहे।

मुख्यमंत्री ने देवीधुरा की बग्वाल को उत्तराखंड की आस्था, समृद्ध लोक संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों, लोक परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ विरासत को भी आगे बढ़ाया जाए।

उन्होंने बताया कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊं क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। देवीधुरा मंदिर परिसर में 4.27 करोड़ रुपये की लागत से गढ़वाल खाम भवन और 4.57 करोड़ रुपये की लागत से रणकोची मंदिर के पुनर्निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। घटोत्कच मंदिर का सौंदर्यीकरण, घटकु हिडिंबा मंदिर का निर्माण, सप्तेश्वर महादेव मंदिर में स्नानघाट तथा लधौनधुरा मेला स्थल का सौंदर्यीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटोत्कच से झालिमाली मंदिर मार्ग के डामरीकरण पर 1.95 करोड़ रुपये, विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर 4.70 करोड़ रुपये और पूर्णागिरि मार्ग पर 5 करोड़ रुपये की स्ट्रीट लाइट परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। पाताल रुद्रेश्वर, खेतीखान सूर्य मंदिर, भूमिया देव मंदिर, भिगराड़ा मंदिर तथा डुंगरी-फत्याल शिव मंदिर से जुड़े विकास कार्य भी गतिमान हैं। पिछले पांच वर्षों में धार्मिक अवस्थापना एवं सौंदर्यीकरण के तहत 68.58 करोड़ रुपये की लागत से 397 कार्य किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने देवीधुरा को नगर पंचायत क्षेत्र बनाने की बात कही। उन्होंने देवीधुरा में 9.80 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण शीघ्र कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बग्वाल मेले को राजकीय मेला घोषित कर इसकी गरिमा बढ़ाने के साथ व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ किया गया है।

चार खामों के बीच हुई बग्वाल

मां वाराही धाम में प्रधान पुजारी की पूजा-अर्चना के बाद चारों खाम—वालिक, चम्याल, गहड़वाल और लमगड़िया—के बग्वाली मैदान में पहुंचे। अलग-अलग रंगों के पारंपरिक परिधानों और पगड़ियों में सजे बग्वालियों के हाथों में बांस और रिंगाल से बनी ढालें थीं। शंखनाद और मां वाराही के जयकारों के बीच बग्वाल का शुभारंभ हुआ।

इस वर्ष बग्वाल में फल और फूलों का प्रयोग किया गया। पीठाचार्य पंडित कीर्तिबल्लभ जोशी के अनुसार फल-फूलों से खेली जाने वाली बग्वाल को शुभ एवं फलदायी माना जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवीधुरा की यह अनूठी परंपरा अनुशासन और भाईचारे की मिसाल है, जहां बग्वाल के बाद सभी योद्धा एक-दूसरे से गले मिलते हैं।

रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चियों और महिलाओं ने मुख्यमंत्री धामी को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन का उद्देश्य स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देना और रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। उन्होंने युवा पीढ़ी से लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मंदिर समिति अध्यक्ष हीराबल्लभ जोशी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]