उत्तराखण्ड
डॉ. राजेंद्र प्रसाद खजूरिया बने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी के नए निदेशक।

संवादसूत्र देहरादून। आंध्र प्रदेश कैडर के 1991 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद खजूरिया ने गुरुवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए), देहरादून के निदेशक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने श्रीमती भारती का स्थान लिया, जो 30 जून को सेवानिवृत्त हुईं।
डॉ. खजूरिया इससे पहले आंध्र प्रदेश पर्यावरण प्रबंधन निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। 35 वर्षों से अधिक के अनुभव वाले डॉ. खजूरिया वन प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और नीति निर्माण के क्षेत्र में विशेषज्ञ माने जाते हैं।
मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के निवासी डॉ. खजूरिया ने कनाडा की टोरंटो यूनिवर्सिटी से पीएचडी की है। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में कई शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं और विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
कार्यभार संभालने के बाद डॉ. खजूरिया ने अकादमी के संकाय सदस्यों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर संस्थान में संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने ‘अमृत काल’ के लक्ष्यों के अनुरूप भारतीय वन सेवा प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।




