उत्तराखण्ड
भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के चलते देहरादून में 6 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद।

संवादसूत्र देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 6 अगस्त को जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा होने की संभावना है। खराब मौसम के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत जनपद में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 6 अगस्त को बंद रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।




