उत्तराखण्ड
राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ रिसेप्शन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी गर्विता भाकुनी।

संवादसूत्र देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम’ रिसेप्शन के लिए उत्तराखंड की गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। अल्मोड़ा के लोअर मॉल रोड की निवासी गर्विता इस समारोह में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। देशभर से केवल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स का चयन किया गया है, जिनमें उत्तराखंड से गर्विता को यह सम्मान मिला है।
गर्विता भाकुनी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। उनके अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड से भी एक-एक युवा कैडेट का चयन किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में स्थानीय समुदाय सबसे पहला प्रतिक्रियादाता होता है। यदि युवा प्रशिक्षित हों तो राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी, त्वरित और सुरक्षित ढंग से किए जा सकते हैं। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार युवाओं को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ रही है, ताकि वे संकट के समय समाज की मदद करने के साथ-साथ आपदा जोखिम को कम करने में भी अहम भूमिका निभा सकें।
सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखंड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें एनसीसी, एनएसएस, मेरा युवा भारत (एमवाईबी) तथा भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक शामिल हैं। अब तक लगभग 2,700 युवाओं को खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सामुदायिक जागरूकता तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
गर्विता भाकुनी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र के रूप में मिला प्रशिक्षण उन्हें समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता है और वे भविष्य में भी आपदा प्रबंधन एवं जनसेवा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा से कार्य करती रहेंगी। साथ ही उन्होंने अन्य युवाओं से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की।




