उत्तराखण्ड
तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े गोलीकांड, गैस एजेंसी स्वामी की मौत; हमलावर फरार।

संवादसूत्र देहरादून: शहर के व्यस्त इलाके तिब्बती मार्केट (परेड ग्राउंड) के पास अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में पुलिस ने उन्हें दून अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा, निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय और पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते उनकी माता ने पूर्व में अपने बेटे की जान को खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी। हालांकि पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी सवार दो हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।




