Connect with us

देवभूमि के पहाड़ों में गूंजेगी बॉलीवुड की धमक, मसूरी-नैनीताल में फिल्मों की शूटिंग।

उत्तराखण्ड

देवभूमि के पहाड़ों में गूंजेगी बॉलीवुड की धमक, मसूरी-नैनीताल में फिल्मों की शूटिंग।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, मनोरम पर्वतीय दृश्य और ऐतिहासिक स्थलों की खूबसूरती बड़े फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही है। इन दिनों प्रदेश में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग हो रही है। अभिनेता अक्षय कुमार मसूरी और लैंढौर क्षेत्र में, जबकि जाह्नवी कपूर नैनीताल में शूटिंग कर रही हैं। इससे उत्तराखंड की फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान मजबूत होने के साथ ही पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं रखता है। राज्य सरकार उत्तराखंड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया सरल बनाने और स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म शूटिंग से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल व्यवसायियों, परिवहन संचालकों और अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। सरकार फिल्म पर्यटन को स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़कर प्रदेशवासियों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है।

फिल्म नीति 2024 से शूटिंग की राह आसान

राज्य सरकार उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 के तहत प्रदेश में फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम के माध्यम से शूटिंग संबंधी अनुमतियों को सरल और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सात दिनों के भीतर शूटिंग की अनुमति देने की व्यवस्था से फिल्म निर्माताओं को सुविधा मिल रही है और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय आसान हो रहा है।

फिल्म नीति के जरिए स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को काम के अवसर उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। फिल्म यूनिटों के आने से होटल, परिवहन, खान-पान और अन्य स्थानीय सेवाओं से जुड़े कारोबार को भी लाभ मिलने की संभावनाएं हैं।

फिल्म पर्यटन से स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

मसूरी, लैंढौर और नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है। फिल्मों के जरिए इन स्थलों की खूबसूरती बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचने से भविष्य में पर्यटकों की संख्या और स्थानीय व्यवसायों की गतिविधियों में वृद्धि की उम्मीद है।

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद भी प्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए फिल्म निर्माताओं को सहयोग और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखंड को फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]