उत्तराखण्ड
29वीं राज्य रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, विभिन्न वर्गों में जीते पदक।









संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में रोलर स्केटिंग को बढ़ावा देने और उभरती खेल प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से उत्तराखंड रोलर स्पोर्ट्स अकादमी (यूआरएसए) की ओर से 29वीं इंटर स्कूल ओपन स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। 31 अक्टूबर और एक नवंबर को परेड ग्राउंड स्थित स्केटिंग रिंक में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में देहरादून, मसूरी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और रुड़की सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्केटर्स ने प्रतिभाग किया। इस दौरान स्पीड स्केटिंग, इनलाइन हॉकी और मैराथन ऑन स्केट्स के मुकाबले आयोजित किए गए। खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड रोलर स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक पंकज भारद्वाज ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें भविष्य की राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना, शारीरिक फिटनेस और खेल कौशल का विकास होता है। साथ ही नई प्रतिभाओं को पहचानकर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
स्पीड स्केटिंग के विभिन्न वर्गों में क्वाड बालक एवं बालिका, बेसिक इनलाइन बालक एवं बालिका और प्रोफेशनल इनलाइन वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इन वर्गों में श्रिनय नेगी, युग्यान, गर्वित, क्रियांश जोशी, वेरोनिका, भार्गवी, अनन्या अग्रवाल, अभिमन्यु, देव, वियांश, श्राव्या, अधिश्री, आद्विका, अथर्व राज, शिवांश, प्रथमेंश, पार्थ बोहरा और राधिका भारद्वाज सहित अनेक खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इनलाइन हॉकी के जूनियर बालक वर्ग में सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी ने प्रथम, वेल्हम बॉयज स्कूल ने द्वितीय और दून वर्ल्ड स्पोर्ट्स अकादमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालिका वर्ग में दून वर्ल्ड स्पोर्ट्स अकादमी प्रथम और शकुन स्पोर्ट्स अकादमी द्वितीय स्थान पर रही। वहीं सीनियर वर्ग में वेल्हम बॉयज स्कूल ने पहला, मैक इंडिया क्लब ने दूसरा और सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
मैराथन ऑन स्केट्स के जूनियर वर्ग में पार्थ बोहरा, पावनी, एकिशा, आरुष, आव्या नौटियाल और शरफान विजेता रहे। सीनियर वर्ग में कृष्ण राठौर, आयुष रावत, भुवन, आदर्श, भावित और अनिरुद्ध ने जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सूरज शंकर धीमान और पूर्व सैन्य अधिकारी सतीश कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिवम भारद्वाज, अभिमन्यु नेगी, वशिष्ठ कुमार, राधिका भारद्वाज, नरेंद्र सिंह, समद, मणि राजहंस और अमन सहित प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों का योगदान रहा। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, विद्यालयों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।



