उत्तराखण्ड
टिहरी मेडिकल कॉलेज से स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मिलेगी नई मजबूती: सुबोध उनियाल।

संवादसूत्र देहरादून: स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सचिवालय में प्रस्तावित टिहरी मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चयन, निर्माण की रूपरेखा और परियोजना को शीघ्र गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण ऐसे स्थान पर किया जाएगा, जहां से अधिकतम आबादी को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से टिहरी समेत आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा, चिकित्सा सेवाएं बेहतर होंगी और प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त मेडिकल कॉलेज का विकास मास्टर प्लान के तहत किया जाएगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडे ने जिलाधिकारी टिहरी को चयनित भूमि का प्रस्ताव शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। बैठक में अपर सचिव रोहित मीणा भी उपस्थित रहे।




