उत्तराखण्ड
संविधान हत्या दिवस पर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, मुख्यमंत्री ने आपातकाल को बताया लोकतंत्र का काला अध्याय।

संवादसूत्र देहरादून: संविधान हत्या दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित करते हुए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन हुआ, प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया गया।
जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के त्याग, साहस और संघर्ष के कारण ही देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की पुनर्स्थापना संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि इन सेनानियों का योगदान वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए उनके संघर्ष को सदैव याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान इन अधिकारों को सीमित करने का प्रयास किया गया, लेकिन देश की जागरूक जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से इसका जवाब देते हुए लोकतंत्र को पुनर्स्थापित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान निधि को 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया। इसके अलावा आपातकाल के दौरान जेल गए लोकतंत्र सेनानियों और उनके आश्रित जीवनसाथियों को विशेष पहचान-पत्र भी जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के सम्मान और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत और श्रेष्ठ उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया तथा उनके संघर्ष और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विधायक सविता कपूर, विधायक उमेश शर्मा काऊ, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बिष्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




