उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री आवास में 3-बी गार्डन निर्माण का शुभारम्भ, जैव विविधता संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस देहरादून में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) के निर्माण कार्य का शुभारम्भ कृष्णा वट का पौधा रोपित कर किया।
यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। इसके तहत परागण को बढ़ावा देने और जैव विविधता को समृद्ध करने वाले विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जा रहा है। प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने के लिए उद्यान क्षेत्र में कीटनाशकों एवं अन्य हानिकारक रसायनों के उपयोग को प्रतिबंधित रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा जैव विविधता संरक्षण के साथ पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता भी बढ़ेगी। उन्होंने उद्यान विभाग को मुख्यमंत्री आवास परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन गतिविधियों के विस्तार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर उद्यान प्रभारी श्री दीपक पुरोहित द्वारा उपयुक्त प्रजातियों के पौधों का चयन कर रोपण कार्य प्रारम्भ किया गया था। उद्यान में जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बाँस, बॉटल ब्रश, जीनिया, कॉसमॉस, पेंटास, मिल्कवीड, पैशन फ्लावर, हमेलिया, इक्जोरा, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी एवं पुदीना सहित अनेक प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं।
इसके साथ ही परिसर में पुराने एवं जीर्ण-शीर्ण वृक्षों के समीप नए पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। उच्च हिमालयी एवं पर्वतीय क्षेत्रों में पाए जाने वाले बांज, बुरांश, तेजपत्ता तथा पया प्रजाति के पौधों का रोपण भी विगत वर्ष से किया जा रहा है, जो वर्तमान में स्वस्थ वृद्धि के साथ परिसर की प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने परिसर में संचालित पर्यावरणीय एवं जैव विविधता संवर्धन संबंधी कार्यों की सराहना करते हुए उद्यान विभाग को मधुमक्खी पालन गतिविधियों को मुख्यमंत्री आवास परिसर एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर विकसित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. सिंह तथा नरेन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




