उत्तराखण्ड
बालगंगा नदी में गिरी सेंट्रो कार, एक व्यक्ति का शव बरामद, दूसरा लापता।

संवादसूत्र देहरादून/टिहरी गढ़वाल: बालगंगा तहसील के घनसाली-बूढ़ा केदार मोटर मार्ग पर छतियारा के समीप एक सेंट्रो कार अनियंत्रित होकर बालगंगा नदी में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है, जबकि दूसरा व्यक्ति लापता है। पुलिस, फायर सर्विस और अन्य राहत दल लापता व्यक्ति तथा वाहन की तलाश में जुटे हैं।
थानाध्यक्ष घनसाली प्रशांत बहुगुणा के अनुसार, शनिवार दोपहर सभासद महेंद्र पाल ने मोबाइल फोन के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि तलेबन के पास बालगंगा नदी में एक वाहन गिरा हुआ है। सूचना मिलते ही चमियाला चौकी पुलिस, घनसाली थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को ग्राम सेंदुल निवासी दो व्यक्ति सेंट्रो कार से वेल्डिंग के काम के सिलसिले में बूढ़ा केदार क्षेत्र के मेढ़ गांव गए थे। वापसी के दौरान छतियारा गांव से करीब दो किलोमीटर पहले उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे बालगंगा नदी में जा गिरी।
हादसे की जानकारी शनिवार को मिली। बताया गया कि एक बकरी चराने वाले व्यक्ति ने नदी में वाहन और शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दलों ने एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे लापता व्यक्ति की तलाश जारी है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।



