उत्तराखण्ड
छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ, उत्तराखंड बना केंद्र के साथ साझेदारी करने वाला पहला राज्य।





संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ किया। 11 से 15 जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर के शिल्पकारों, हस्तशिल्पियों, लोक कलाकारों और उद्यमियों को एक साझा मंच मिला है। 150 से अधिक स्टॉलों पर पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लोक संस्कृति का संरक्षण और स्थानीय शिल्पकारों का सशक्तिकरण विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने बताया कि लोक संवर्धन पर्व के आयोजन में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ साझेदारी करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘एक जनपद दो उत्पाद’ जैसी पहलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रही है। वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के तहत आयोजित यह महोत्सव कारीगरों को विपणन, ब्रांडिंग और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने इसे भारत की सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक कौशल के सम्मान का राष्ट्रीय उत्सव बताया।




