उत्तराखण्ड
मसूरी रोड पर क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण, निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश।


संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल के पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने इस पुल को देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बताते हुए कहा कि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों का आवागमन होता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसे शीघ्र ही संचालित किया जाएगा। साथ ही स्थायी पुल का निर्माण कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिसे आगामी 2 से 3 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों एवं पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है और विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान की जा रही है।
आगामी चारधाम यात्रा और आदि कैलास यात्रा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।




