उत्तराखण्ड
अप्रैल तक जिला योजनाएं पूरी करें, कुंभ-2027 की तैयारियां तेज करने के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में सचिव समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि जिला योजना समितियों की बैठकें अप्रैल माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाएं और प्रभारी मंत्रियों के साथ समन्वय कर जल्द तिथियां तय की जाएं।
उन्होंने जिलाधिकारियों को जनपद स्तरीय वनाग्नि समितियों और ग्रीष्मकालीन पेयजल समितियों की बैठकें शीघ्र आयोजित कर कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
कुंभ-2027 के कार्यों में तेजी लाने पर जोर
बैठक में कुंभ-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों के लिए शीघ्र जीओ जारी कर काम शुरू कराने को कहा। कुंभ क्षेत्र में यातायात, पार्किंग, रूट प्लान और जंक्शन सुधार पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को साइनेज और अन्य व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
30 मई तक स्वीकृतियां जारी करने का लक्ष्य
मुख्य सचिव ने पूंजीगत कार्यों की सभी स्वीकृतियां 30 मई तक जारी करने का लक्ष्य तय किया, ताकि मानसून के कारण कार्य प्रभावित न हों। साथ ही प्राथमिकताओं के आधार पर कार्यों को तय करने के निर्देश भी दिए।
एलपीजी आपूर्ति और कालाबाजारी पर सख्ती
प्रदेश में एलपीजी गैस वितरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाने और कालाबाजारी रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ई-ऑफिस और वन भूमि हस्तांतरण में तेजी
उन्होंने सभी विभागों और जनपदों में 100% ई-ऑफिस लागू करने पर जोर दिया। साथ ही फॉरेस्ट लैंड ट्रांसफर के मामलों में तेजी लाने के लिए जिला स्तरीय समितियों की नियमित बैठकें सुनिश्चित करने को कहा।
जनगणना और कृषि कार्यों पर फोकस
जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए तकनीकी सहायकों की शीघ्र नियुक्ति, एचएलबी डिमार्केशन और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अंश निर्धारण, किसान पंजीकरण और डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने को कहा गया, जिसमें अंश निर्धारण के लिए 30 अप्रैल 2026 की समयसीमा तय की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




