उत्तराखण्ड
चुनाव प्रेक्षकों की भूमिका पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, निष्पक्ष चुनाव के वैश्विक मानकों पर मंथन।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, देहरादून में ‘मॉडल स्टैंडर्ड्स फॉर इलेक्टोरल ऑब्जर्वर’ विषय पर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में अमेरिका, रोमानिया, आयरलैंड, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, हंगरी और नेपाल सहित कई देशों के चुनाव प्रबंधन विशेषज्ञों तथा 20 से अधिक विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों समेत 400 से अधिक प्रतिभागियों ने हाइब्रिड माध्यम से हिस्सा लिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने कहा कि चुनाव प्रेक्षकों की भूमिका निर्वाचन प्रक्रिया की स्वतंत्र और निष्पक्ष निगरानी कर चुनावों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जनविश्वास को मजबूत करना है। वहीं भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारती ने कहा कि हर परिस्थिति में जनता का निर्वाचन प्रक्रिया पर विश्वास बनाए रखना प्रत्येक प्रेक्षक का सर्वोच्च दायित्व है।
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में चुनाव व्यय प्रेक्षक, पुलिस प्रेक्षक और आधुनिक चुनाव प्रबंधन से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे। सीजीएसटी देहरादून के अपर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता ने डिजिटल और सोशल मीडिया प्रचार की निगरानी पर जोर दिया, जबकि आईजी अनंत शंकर ताकवले ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से चुनावी चुनौतियों से निपटने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
परिचर्चा सत्र में विभिन्न देशों की चुनावी व्यवस्थाओं, फील्ड मशीनरी की भूमिका और आधुनिक प्रशिक्षण मॉड्यूल पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।




