उत्तराखण्ड
माल्टा मिशन से पहाड़ी किसानों की बढ़ेगी आय, स्थानीय फलों को मिलेगी नई पहचान : मुख्यमंत्री।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आईटीबीपी स्टेडियम, सीमा द्वार देहरादून में सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय माल्टा महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों से आए कृषकों से मुलाकात की और माल्टा व नींबू की खटाई का स्वाद भी लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में माल्टा उत्पादन की अपार संभावनाएँ हैं और इन्हें साकार करने के लिए राज्य सरकार ने माल्टा मिशन शुरू करने की घोषणा की है। इस मिशन के माध्यम से माल्टा के उत्पादन, विपणन और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय फलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माल्टा के साथ-साथ कीवी, सेब, आडू, पुलम, नींबू प्रजाति सहित अन्य स्थानीय फलों के उत्पादन को भी प्रोत्साहित कर रही है। ऐसे आयोजन किसानों को सीधे उपभोक्ताओं और बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे उन्हें उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माल्टा महोत्सव जैसे कार्यक्रम न केवल स्थानीय कृषि को बढ़ावा देते हैं, बल्कि उत्तराखण्ड की पारंपरिक फसलों और किसानों की मेहनत को भी एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




