उत्तराखण्ड
‘मेरी योजना’ अब ऑनलाइन, योजनाओं की पूरी जानकारी एक मंच पर।

संवादसूत्र देहरादून: प्रदेश के नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल, सुलभ और त्वरित रूप में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री ने myScheme पोर्टल का अनावरण किया है। इस पहल को पारदर्शिता, सुशासन और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई “मेरी योजना” पुस्तिका में प्रकाशित सभी योजनाओं को अब myScheme पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया और संबंधित विभागीय विवरण एक ही मंच पर प्राप्त होगा। इससे पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने में सुविधा होगी और जानकारी के अभाव में कोई भी वंचित नहीं रहेगा।
राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। इसी क्रम में सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने स्तर पर myScheme पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने का प्रयास करें।
सरकार का मानना है कि इस डिजिटल पहल से योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय बेहतर होगा और आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ पहले से अधिक सरलता और पारदर्शिता के साथ मिल सकेगा।




