उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा 2025 के अभिनव ट्रैफिक मॉडल पर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। चारधाम यात्रा 2025 के सफल संचालन के लिए विकसित अभिनव ट्रैफिक एवं कंट्रोल रूम प्रबंधन प्रणाली को प्रतिष्ठित SKOCH Group द्वारा दिए जाने वाले SKOCH Award के लिए चयनित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (यातायात) देहरादून लोकजीत सिंह के नेतृत्व में तैयार किए गए “चारधाम यात्रा 2025 : निर्बाध तीर्थ प्रबंधन हेतु अभिनव कंट्रोल रूम समाधान” को 28 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 106वें SKOCH समिट में सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार सुशासन और परिणाम-आधारित नवाचारों के लिए प्रदान किया जाता है।
चारधाम यात्रा के दौरान प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं। वर्ष 2025 में यात्रा को सुरक्षित, सुगम और तकनीक-आधारित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने उन्नत कंट्रोल रूम, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, डिजिटल समन्वय, इंटेलिजेंट रूट डायवर्जन और सुदृढ़ आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र लागू किया। इससे यातायात जाम में कमी आई और तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हुई।
वर्ष 2024 की चुनौतियों से सीख लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने IG रेंज के अंतर्गत केंद्रीकृत कंट्रोल रूम की स्थापना की जिम्मेदारी एसपी लोकजीत सिंह को सौंपी थी। सीमित समय में आधुनिक तकनीकी संसाधनों और बहु-एजेंसी समन्वय के माध्यम से यात्रा प्रबंधन को व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख बनाया गया।
धराली आपदा के दौरान रेस्क्यू कार्यों का समन्वय, पहलगाम आतंकी हमले के समय सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं के दौरान राहत कार्यों की निगरानी जैसे जटिल हालात में कंट्रोल रूम ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की।
इस उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने एसपी लोकजीत सिंह और पूरी ट्रैफिक पुलिस टीम को बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले वर्ष 2021 में कोविड प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें FICCI द्वारा FICCI Smart Policing Award से भी सम्मानित किया जा चुका है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस की नवाचार आधारित कार्यशैली और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।




