उत्तराखण्ड
अनुसूचित जाति आयोग की जनसुनवाई में 47 मामलों की सुनवाई, 27 का मौके पर निस्तारण।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के तत्वावधान में देहरादून स्थित आयोग कार्यालय में अध्यक्ष मुकेश कुमार की अध्यक्षता में दो दिवसीय जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 47 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 27 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि आयोग का प्रमुख उद्देश्य अनुसूचित जाति के पीड़ित और वंचित लोगों को त्वरित न्याय दिलाना है। उन्होंने बताया कि समाज की समस्याओं के समाधान और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जिलों में बड़े स्तर पर जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जनसुनवाई में देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग सहित विभिन्न जिलों से आए शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं। इनमें पेयजल कनेक्शन, भूमि विवाद, छात्रवृत्ति भुगतान, उत्पीड़न, सेवा बहाली, पदोन्नति, जातिगत भेदभाव, आउटसोर्स कर्मियों से जुड़े मामले, मृतक आश्रित प्रमाणपत्र और अन्य शिकायतें शामिल रहीं।
मुकेश कुमार ने अधिकारियों से नियमों के अनुरूप जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि समय पर समस्याओं का समाधान होने से लोगों को आयोग का दरवाजा खटखटाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। बैठक में आयोग के सदस्य, सचिव और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।




