उत्तराखण्ड
दर्दनाक:सिटी बस ने छह मजदूरों को कुचला, एक की मौत, पांच गंभीर।

संवादसूत्र देहरादून:राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र के लालपुर इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अनियंत्रित सिटी बस ने सड़क किनारे जा रहे छह मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे लोगों से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए और घायलों की मदद में जुट गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक को अचानक दौरा पड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत में कोई वाहन चालक घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस को राह चलते वाहनों को रुकवाकर घायलों को अस्पताल भिजवाना पड़ा।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस भी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा की मदद से अस्पताल पहुंचाया। कई लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस का सहयोग किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारण क्षेत्र में लंबे समय तक यातायात बाधित रहा तथा सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराने के साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी है।




