उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में ढाई हजार सरकारी नौकरियों का रास्ता साफ, दिसंबर से पहले शुरू होंगी नई भर्तियां।

संवादसूत्र देहरादून। उत्तराखंड में चुनावी वर्ष से पहले सरकारी नौकरियों का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) दिसंबर से पहले विभिन्न विभागों के करीब 2,500 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। साथ ही जिन 1,470 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनकी लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक आयोजित कराने की तैयारी है।
आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया ने बताया कि दिसंबर से पहले लगभग 24 भर्ती विज्ञापनों की आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इनमें स्केलर, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, विज्ञान वर्ग के स्नातक स्तरीय पद, पुलिस, आबकारी और परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद, संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक तथा सहायक विकास अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
इसके अलावा जिन 1,470 पदों के लिए आवेदन पहले ही लिए जा चुके हैं, उनकी परीक्षाएं भी दिसंबर तक कराने की योजना है। इनमें वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, विभिन्न विभागों के तकनीकी पद, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पद तथा स्नातक स्तरीय विभिन्न पद शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार शुरुआत से ही बेरोजगारी कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। आने वाले महीनों में भी विभिन्न विभागों में हजारों रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।




