उत्तराखण्ड
चमोली से किसानों के उत्थान का संकल्प:100 करोड़ का क्लीन प्लांट प्रोग्राम, कृषि रोडमैप और इंटीग्रेटेड फार्मिंग।

संवादसूत्र देहरादून: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को गौचर (जनपद चमोली, उत्तराखंड) में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री श्री गणेश जोशी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि उत्तराखंड में 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट प्रोग्राम प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राज्य के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
केंद्रीय मंत्री ने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा प्रारंभ की गई विकसित भारत–जी राम जी (Viksit Bharat – Guarantee for Rozgar and Ajeevika Mission–Gramin) योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण विकास के लिए संजीवनी का कार्य करेगी और गांव-गांव समग्र विकास सुनिश्चित करेगी।
फसल नुकसान पर त्वरित सहायता
श्री चौहान ने कहा कि विपरीत मौसम परिस्थितियों से प्रभावित किसानों के खातों में ₹65 करोड़ से अधिक की सहायता राशि जमा कराई गई है। उन्होंने उत्तराखंड के सीढ़ीदार खेतों में किसानों द्वारा किए जा रहे कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि छोटे जोत आकार के बावजूद राज्य के किसान उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
पांच वर्षीय कृषि रोडमैप
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री धामी के साथ चर्चा के बाद वैज्ञानिकों और अधिकारियों की एक टीम गठित की जाएगी, जो उत्तराखंड के लिए पांच वर्ष का कृषि रोडमैप तैयार करेगी। यह टीम प्रगतिशील किसानों, विशेषज्ञों और स्थानीय अधिकारियों से विचार-विमर्श कर किसानों की आय में तेज़ वृद्धि के उपाय सुझाएगी।
क्लीन प्लांट सेंटर और कीवी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
श्री चौहान ने कहा कि ICAR-CITH मुक्तेश्वर में ₹100 करोड़ की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां कीवी, सेब, माल्टा और नींबू वर्गीय फलों के रोगमुक्त पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि न्यूजीलैंड के सहयोग से उत्तराखंड में कीवी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा, जिससे राज्य बागवानी के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनेगा।
इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इंटीग्रेटेड खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें फसल, फल-सब्जी, जड़ी-बूटी, पशुपालन और मत्स्य पालन को एकीकृत किया जाएगा। उत्तराखंड में भी मुख्यमंत्री के सहयोग से इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल विकसित किया जाएगा, जिससे छोटे किसान अधिक आय अर्जित कर सकें।
विकसित भारत–जी राम जी योजना
श्री चौहान ने कहा कि मनरेगा की कमियों को दूर करते हुए विकसित भारत–जी राम जी योजना शुरू की गई है, जिसमें 100–125 दिन की रोजगार गारंटी, बेरोजगार भत्ता, लंबित मजदूरी पर ब्याज तथा बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। ग्राम सभा और ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों में निर्णायक भूमिका दी गई है तथा पीएम गति शक्ति से जोड़कर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड को लगभग 1700 करोड़ रुपये की ग्रामीण सड़कों की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि लखपति दीदी अभियान के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाया जा रहा है। राज्य में हजारों महिलाएं पहले ही लखपति बन चुकी हैं।
यूसीसी और किसान दिवस की सराहना
श्री चौहान ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने पर उत्तराखंड को बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा हर ब्लॉक में मासिक किसान दिवस आयोजित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रशासन सीधे किसानों के द्वार पहुंचेगा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान होगा।




