उत्तराखण्ड
नई खेल नीति पर जनता से लिए जाएंगे सुझाव, उत्कृष्ट सुझावों को मिलेगा सम्मान।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड की नई खेल नीति को अधिक प्रभावी और समावेशी बनाने के लिए राज्य सरकार आम लोगों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से सुझाव लेगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को नई खेल नीति तैयार करने की प्रक्रिया में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि नई खेल नीति में केंद्र सरकार की खेल नीति के प्रमुख प्रावधानों को शामिल करते हुए उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों के संरक्षण और प्रोत्साहन पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए विभाग जल्द ही आम जनता से सुझाव आमंत्रित करेगा। उपयोगी सुझावों को नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा और बेहतर सुझाव देने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया।
खेल मंत्री ने बताया कि ऐसे खिलाड़ियों में से कुछ को राज्य की खेल अकादमियों में भी समायोजित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि उनके अनुभव का लाभ प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को मिल सके।




