उत्तराखण्ड
फरवरी तक शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्ति का लक्ष्य।

संवादसूत्र देहरादून: डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), बीएलओ आउटरीच अभियान तथा बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की शत-प्रतिशत नियुक्ति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर की तैयारियों के तहत पूरे प्रदेश में बीएलओ द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग का कार्य किया जा रहा है, जिसमें अब तक 79 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों में बीएलए के सक्रिय सहयोग से मैपिंग प्रक्रिया को और तेज किया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि वर्तमान में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा कुल 15,437 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी द्वारा 7,165, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा 7,968, बहुजन समाज पार्टी द्वारा 117 तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) द्वारा 187 बीएलए नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आम आदमी पार्टी और नेशनल पीपुल्स पार्टी द्वारा अभी तक एक भी बीएलए नियुक्त नहीं किया गया है।
उन्होंने सभी दलों से फरवरी माह तक शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्ति सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




