उत्तराखण्ड
सहसपुर जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को मौके पर दिए समाधान के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाकर सेवाएं उनके द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में 65 दिनों के दौरान लगभग 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। देहरादून में 46 शिविरों के माध्यम से 60 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की, जबकि लगभग 39 हजार लोगों को मौके पर ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला। सेवा पखवाड़े के तहत अब तक 64 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया है और प्राप्त 5,567 शिकायतों में से 4,951 का समाधान किया जा चुका है।
सहसपुर शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने कई जनसमस्याओं पर मौके पर ही अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इनमें कारबारी ग्रांट में दो माह के भीतर 30 सोलर लाइट लगाने, जरूरतमंद महिला को तत्काल सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सेलाकुईं में सड़क, नाली और जल निकासी कार्य कराने, भाऊवाला में दो माह के भीतर श्मशान घाट निर्माण, अटकफार्म व सेंट्रल होपटाउन के बंदोबस्त संबंधी समस्याओं का 15 दिन में समाधान, भगवानपुर बहुगुणा मार्ग पर पार्क एवं ओपन जिम तथा बड़ोवाला में डिस्पेंसरी और एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति और निवेश, पर्यटन, स्वास्थ्य तथा आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में हुए कार्यों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।




