Connect with us

शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री ने किया चरण प्रक्षालन और परोसा भोजन।

उत्तराखण्ड

शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री ने किया चरण प्रक्षालन और परोसा भोजन।

संवादसूत्र देहरादून/हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था, सेवा और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने देशभर से आए शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा, चरण प्रक्षालन और भोजन परोसकर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया तथा यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों और पर्यावरण मित्रों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री के हरिद्वार पहुंचने पर हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। इसके बाद अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पांच कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन भी परोसा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए व्यापक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, श्रीराम जन्मभूमि, केदारनाथ पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में प्रस्तावित गंगा कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी योजनाएं धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देंगी।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से अनुशासन और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में सराहनीय योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सभी कर्मयोगियों के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक है, जो यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]