उत्तराखण्ड
रुड़की में डाक कांवड़ के दौरान दो सड़क हादसे, दो कांवड़ियों की मौत।

संवादसूत्र देहरादून/ रुड़की: डाक कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को मंगलौर क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। दोनों हादसों में अज्ञात वाहनों ने कांवड़ियों को टक्कर मारी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा गुरुकुल नारसन चौकी क्षेत्र में शिव मंदिर के पास देर रात हुआ। यहां करीब 25 से 30 वर्षीय कांवड़िए को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
दूसरा हादसा लिब्बरहेड़ी के पास हुआ। यहां भी अज्ञात वाहन की टक्कर से एक कांवड़िए की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बड़ौत निवासी 45 वर्षीय मांगा के रूप में हुई है।
कांवड़ यात्रा के चलते रुड़की बाईपास से नारसन बॉर्डर तक हाईवे पर डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ रही। बड़ी संख्या में कांवड़ वाहनों और पैदल कांवड़ियों के पहुंचने से यातायात भी प्रभावित हुआ। लगातार बढ़ रही भीड़ के बीच हुए हादसों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।




