उत्तराखण्ड
यूजेवीएनएल बोर्ड ने 2026-27 के बजट को दी मंजूरी, जलविद्युत एवं पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं को मिले निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: यूजेवीएन लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के निदेशक मंडल की बैठक मुख्य सचिव एवं बोर्ड अध्यक्ष आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। प्रबंध निदेशक के रूप में स्थायी पदभार संभालने के बाद अजय कुमार सिंह ने पहली बार बोर्ड बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में अध्यक्ष एवं अन्य निदेशकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। साथ ही उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को उत्तराखंड सरकार के शासनादेश के अनुरूप “समान कार्य के लिए समान वेतन” का लाभ देने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से बोर्ड ने 81 मेगावाट क्षमता की आराकोट-त्यूणी जलविद्युत परियोजना तथा 600 मेगावाट क्षमता की इच्छाड़ी पंप्ड स्टोरेज परियोजना के प्रथम चरण से जुड़ी सभी आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा 300 मेगावाट क्षमता की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना में शीयर ज़ोन उपचार से जुड़े अतिरिक्त कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति दी गई। उत्तराखंड सिंचाई विभाग से हस्तांतरित सौंग पंप्ड स्टोरेज परियोजना की आवश्यक औपचारिक स्वीकृतियां भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।
लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तैनाती के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने मंजूरी दी।
बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षीसुंदरम, स्वतंत्र निदेशक इंदू कुमार पांडे, बी.पी. पांडे, पराग गुप्ता, अपर सचिव वित्त गंगा प्रसाद, निदेशक (परियोजनाएं) सुरेश चंद्र बलूनी, यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी सहित यूजेवीएनएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




