Connect with us

मलेशिया में भारत के 120 जवान दिखाएंगे सैन्य कौशल, शुरू हुआ ‘हरिमऊ शक्ति-VI’

आर्मी

मलेशिया में भारत के 120 जवान दिखाएंगे सैन्य कौशल, शुरू हुआ ‘हरिमऊ शक्ति-VI’

संवादसूत्र देहरादून: भारत और मलेशिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमऊ शक्ति-VI’ का छठा संस्करण बृहस्पतिवार को मलेशिया के इपोह में शुरू हो गया। 19 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभ्यास में दोनों देशों के 120-120 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं।

यह द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास बारी-बारी से भारत और मलेशिया में आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय सात के तहत उप-पारंपरिक सैन्य अभियानों का अभ्यास करना और आतंकवाद विरोधी अभियानों में दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल एवं परिचालन क्षमता को मजबूत करना है।

अभ्यास के दौरान जंगल और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में संयुक्त सैन्य अभियानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसमें संयुक्त योजना तैयार करने, सामरिक समन्वय स्थापित करने और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

अभ्यास के शुरुआती चरण में दोनों देशों के सैनिक एक-दूसरे की सैन्य कार्यप्रणाली और परिचालन प्रक्रियाओं को समझेंगे। इसके बाद संयुक्त सामरिक अभ्यास किए जाएंगे। प्रशिक्षण के तहत संयुक्त कमांड पोस्ट और निगरानी केंद्र स्थापित करने, आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने, छापेमारी, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान तथा कॉम्बैट इंजीनियरिंग से जुड़े अभ्यास किए जाएंगे।

इस बार अभ्यास में आधुनिक तकनीक और मानव रहित हवाई प्रणालियों के इस्तेमाल पर विशेष जोर रहेगा। सैनिक टोही और निगरानी के लिए मानव रहित हवाई प्रणाली (यूएएस) का उपयोग करेंगे। इसके साथ ही दुश्मन के ड्रोन का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए काउंटर अनमैन्ड एरियल सिस्टम (सी-यूएएस) क्षमताओं का भी अभ्यास किया जाएगा।

अभ्यास के अंतिम चरण में संयुक्त सत्यापन अभ्यास आयोजित होगा। इसमें आतंकवाद विरोधी अभियान का कृत्रिम परिदृश्य तैयार कर जमीनी कार्रवाई, एकीकृत निगरानी और मानव रहित प्रणालियों के समन्वित उपयोग का प्रदर्शन किया जाएगा।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस संयुक्त अभ्यास से दोनों देशों की सेनाओं को अपनी रणनीतियों, तकनीकों और कार्यप्रणालियों के अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। इससे सैन्य तालमेल और परिचालन दक्षता बढ़ने के साथ ही भारत-मलेशिया के रक्षा सहयोग एवं द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को मजबूती मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

Ad Ad

More in आर्मी

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]