उत्तराखण्ड
आगामी सत्र से शुरू होंगे उत्तराखंड के 12 नए सरकारी आईटीआई, युवाओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण का अवसर।

संवादसूत्र देहरादून: प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश के 12 असंचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को आगामी शैक्षिक सत्र से संचालित किया जाएगा। शासन ने इन संस्थानों के संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।
जिन 12 आईटीआई को शुरू किया जाना है, उनमें पिथौरागढ़ जिले के थल और बढ़ावे, पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल और पौड़ी (परसुंडाखाल), चमोली के देवाल और घाट, चम्पावत के बाराकोट, हरिद्वार के लालढांग, देहरादून के लाखामंडल, बागेश्वर के गरुड़, टिहरी गढ़वाल के रणाकोट और ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शामिल हैं।
इस संबंध में सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन सी. रविशंकर ने निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। शासन की ओर से प्रदेश के राजकीय आईटीआई के संचालन और बंद किए जाने से संबंधित प्रस्तावों एवं तथ्यों का परीक्षण करने के बाद इन 12 संस्थानों को दोबारा संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
सचिव ने निर्देश दिए हैं कि सभी संस्थानों के संचालन से संबंधित जरूरी औपचारिकताएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं, ताकि आगामी शैक्षिक सत्र से इनमें प्रशिक्षण शुरू किया जा सके।
सरकार का मानना है कि इन संस्थानों के शुरू होने से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपने आसपास ही व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें प्रशिक्षण के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। साथ ही युवाओं के कौशल विकास के साथ रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।



