उत्तराखण्ड
उत्तरकाशी से तिलवाड़ा तक मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की बढ़ी उम्मीद।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तरकाशी–कमद–अयारखाल–बूढ़ाकेदार–चमियाला–घनसाली–तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने की दिशा में उम्मीदें बढ़ी हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर बताया है कि इस संबंध में प्राप्त प्रस्ताव को आवश्यक कार्रवाई एवं विचार के लिए संबंधित अधिकारी को भेज दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी–कमद–अयारखाल–बूढ़ाकेदार–चमियाला–घनसाली–तिलवाड़ा मोटर मार्ग को ऑलवेदर रोड (चारधाम परियोजना) से जोड़ते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने के मुख्यमंत्री के अनुरोध को संबंधित अधिकारी के पास विचारार्थ भेजा गया है।
तीन जिलों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
इस मार्ग के राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित होने से उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग के बीच सड़क संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह मार्ग चारधाम यात्रा के साथ-साथ स्थानीय आवागमन, पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री धामी लगातार उत्तराखंड की प्रमुख सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने और प्रदेश में सुरक्षित, बेहतर एवं सर्वकालिक सड़क कनेक्टिविटी विकसित करने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखते रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रस्ताव को संबंधित अधिकारी को भेजे जाने से इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण पहल हुई है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और चारधाम यात्रा मार्गों से आंतरिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की संभावना है।
हालांकि, राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का अंतिम निर्णय केंद्रीय स्तर पर तकनीकी परीक्षण और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगा। फिलहाल प्रस्ताव को विचारार्थ भेजा जाना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




